मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री नर्मदा प्रसाद प्रजापति ने विकासखंड गोटेगांव की ग्राम पंचायत बेलखेड़ी- शेढ़ में गौशाला निर्माण का शुभारंभ किया। यहां निराश्रित गायों के लिए गौशाला बनाई जायेगी।
इस अवसर पर कलेक्टर दीपक सक्सेना, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आरपी अहिरवार, एसडीएम मो. शाहिद खान, चंद्रशेखर साहू, अरविंद पटैल, प्रहलाद सिंह पटैल, हल्के सिंह पटैल, अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन मौजूद थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष श्री प्रजापति ने कहा कि निराश्रित गौमाता को कहीं भटकना न पड़े, इसलिए गौशालाओं का निर्माण किया जा रहा है। गौशाला के साथ चारागाह का विकास भी किया जायेगा, ताकि गौमाता को आहार मिल सके। इसके साथ ही पीने के लिए पानी की व्यवस्था भी की जा रही है। तालाब का निर्माण भी किया जायेगा। यहां बनने वाली गौशाला ऐसी होगी, जिसे दूर से लोग देखने आयेंगे। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार वचन पत्र के अनुसार कार्य कर रही है।

श्री प्रजापति ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित में कार्य कर रही है। इसके लिए किसानों के दो लाख रूपये तक के फसल ऋण माफ करने के लिए सरकार ने जय किसान फसल ऋण माफी योजना लागू की है। जिले में इस योजना का क्रियान्वयन तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह- निकाह योजना की राशि 28 हजार रूपये से बढ़ाकर 51 हजार रूपये कर दी गई है। वृद्धजनों, दिव्यांगों एवं कल्याणियों को दी जाने वाली सामाजिक सुरक्षा पेंशन अप्रैल माह से 300 रूपये से बढ़ाकर 600 रूपये की जा रही है। इसके बाद हर साल इस राशि को बढ़ाया जायेगा और एक हजार रूपये तक कर दिया जायेगा।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री दीपक सक्सेना ने कहा कि जिले के प्रत्येक विकासखंड में 5- 5 गौशालायें स्थापित की जायेंगी। इसका शुभारंभ झौंतेश्वर से शुरू हो चुका है। इससे निराश्रित गायों को आश्रय मिल सकेगा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने भी गौशाला स्थापना के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस स्थान को पिकनिक स्पाट के रूप में भी विकसित किया जायेगा।
नारी का शक्ति का सम्मान
विधानसभा अध्यक्ष श्री नर्मदा प्रसाद प्रजापति ने मंच से आकर महिलाओं का सम्मान किया। उन्होंने महिलाओं का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
8 लाख रूपये की अनुग्रह राशि वितरित
विधानसभा अध्यक्ष श्री नर्मदा प्रसाद प्रजापति ने चार हितग्राहियों को 8 लाख रूपये की अनुग्रह राशि के स्वीकृति पत्रक वितरित किये। प्रत्येक हितग्राही को दो लाख रूपये की अनुग्रह राशि मिलेगी। यह राशि उनके बैंक खाते में सीधे जमा होगी। जिन हितग्राहियों को राशि दी गई, उनमें इमलिया की रमादेवी/ मानसिंग व सतीश/ विशाल, मगरधा की मुरलीबाई/ कोमल सिंह और नादिया की कलाबाई/ कढोरी शामिल हैं।