धान खरीदी केन्द्रों में किसान प्राप्त मैसेज के अनुसार फसल विक्रय के लिये लायें - कलेक्टर
|
जिला उपार्जन समिति की बैठक सम्पन्न
|
कटनी | 17-नवम्बर-2020
|
कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने बताया कि जिले में स्थापित सभी 102 धान खरीदी केन्द्रों में सम्पूर्ण तैयारियां एवं चाक चौबंद व्यवस्था पूर्ण कर ली गई है। जिले के सभी 102 केन्द्रों में उपार्जन का कार्य 16 नवम्बर से विधिवत् प्रारंभ कर दिया गया है। जो 16 जनवरी 2021 तक लगातार चलेगा। किसानों की सुविधा के लिये उनके द्वारा पंजीयन के समय सुझाये गये समयानुसार मोबाईल पर मैसेज भेजे जा रहे हैं। कलेक्टर ने जिले के पंजीकृत किसानों से उनके मोबाईल पर प्राप्त हो रहे मैसेज की तिथि को अपनी उपज लेकर संबंधित खरीदी केन्द्र पर विक्रय के लिये पहुंचने की अपील की है। जिला उपार्जन समिति की बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने उपार्जन केन्द्रों में उपलब्ध उपकरण, वारदाने, तौल कांटे, मॉईश्चर मीटर, एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की समीक्षा की। उन्होने कहा कि प्रत्येक खरीदी केन्द्र में क्वालिटी कन्ट्रोल, मॉईश्चर मीटर और गुणवत्ता के मापदण्ड के नमूने आवश्यक रुप से रखे जायें। जिले के निर्धारित 6 परिवहन सैक्टरों में अभी तक परिवहन एजेन्सी का निर्धारण नहीं हो पाने से पूर्व वर्ष की निर्धारित दर पर परिवहन कार्य की अनुमति जिला उपार्जन समिति द्वारा दी गई। कलेक्टर ने नई मिलिंग नीति के अनुसार मिलर द्वारा 30 प्रतिशत धान का उठाव सीधे उपार्जन केन्द्र से करने के लिये अनुबंध और पंजीयन तथा खरीदी केन्द्रों की मैपिंग का कार्य एक सप्ताह में पूर्ण करने के निर्देश दिये। जिला आपूर्ति अधिकारी पी.के. श्रीवास्तव ने बताया कि 16 नवम्बर से सभी 102 खरीदी केन्द्र धान खरीदी के लिये तैयार हैं। अब तक 78 केन्द्रों के पंजीकृत 1500 किसानों को अपनी फसल निर्धारित दिनांक को विक्रय करने हेतु मैसेज किये जा चुके हैं।
(64 days ago)
|
डाउनलोड करे क्रुतीदेव फोन्ट में.
|
डाउनलोड करे चाणक्य फोन्ट में.
|
|