मॉ और शिशु के स्वास्थ्य के लिए संस्थागत प्रसव जरूरी - संभागायुक्त
|
संभागायुक्त ने गुराड़िया में उप स्वास्थ्य केन्द्र का किया निरीक्षण
|
रायसेन | 30-नवम्बर-2020
|
 जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के भ्रमण के दौरान भोपाल संभागायुक्त श्री कवींद्र कियावत और कलेक्टर श्री उमाशंकर भार्गव ने बाड़ी जनपद के ग्राम गुराड़िया में उप स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। संभागायुक्त ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि उप स्वास्थ्य केन्द्र उनके ईलाज के लिए हैं तथा यहां सभी बीमारियों के उपचार की व्यवस्था की गई है। संभागायुक्त श्री कियावत ने ग्रामीणों से कहा कि वे अपने स्वास्थ्य को लेकर सजग रहें और बीमार होने पर तुरंत उपचार कराएं। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि सुरक्षित प्रसव हेतु गर्भवती महिला के लिए पोषण आहार और नियमित स्वास्थ्य जॉच जरूरी है। स्वास्थ्य केन्द्रों में सुरक्षित प्रसव के लिए सभी इंतजाम है, इसलिए संस्थागत प्रसव ही कराएं। संभागायुक्त ने सभी ग्रामीणों से कोरोना महामारी से बचाव के लिए मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने सहित जरूरी सावधानियां बरतने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि किसान कम लागत में अधिक से अधिक उत्पादन प्राप्त कर सके, इसके लिए शासन द्वारा कृषि की उन्नत तकनीकों और जैविक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। किसान उन्नत और नवीनतम कृषि तकनीकों का उपयोग कर अधिक मुनाफा कमा सकते हैं। संभागायुक्त ने किसानों से कहा कि वे खेती के साथ-साथ पशुपालन और मत्स्य पालन अपनाकर अतिरिक्त आमदानी प्राप्त कर सकते हैं। शासन द्वारा कृषि यंत्रों के लिए किसानों को सब्सिडी प्रदान की जाती है तथा मत्स्य और पशुपालन के लिए भी अनेक योजनाएं संचालित की जा रही है। संभागायुक्त श्री कियावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी जाए जिससे कि वे स्वयं भी आगे आकर इन योजनाओं का लाभ ले सकें। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री पीसी शर्मा, एसडीएम, तहसीलदार एवं जनपद सीईओ सहित अधिकारी उपस्थित थे।
(47 days ago)
|
डाउनलोड करे क्रुतीदेव फोन्ट में.
|
डाउनलोड करे चाणक्य फोन्ट में.
|
|